बेटी की विदाई नहीं,दो कुलों को जोड़ने का संस्कार है विवाह,सुनैना के संदेश से भावुक हुआ मंझनपुर का रामलीला मैदान

कौशाम्बी: बेटी की विदाई नहीं,दो कुलों को जोड़ने का संस्कार है विवाह,सुनैना के संदेश से भावुक हुआ मंझनपुर का रामलीला मैदान,

यूपी के कौशाम्बी जिले में श्रीरामलीला कमेटी मंझनपुर के तत्वावधान में बुधवार की रात नगर में निकली भव्य राम बारात यात्रा श्रद्धा और उल्लास का केंद्र बनी रही। जगह-जगह नगरवासियों ने राम बारात का पुष्पवर्षा, आरती और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ स्वागत किया। राम बारात नगर भ्रमण करते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां विवाह की रस्मों और जानकी विदाई का भावपूर्ण मंचन किया गया।

बारात के रामलीला मैदान पहुंचने पर कमेटी के अध्यक्ष ने विधि-विधान से द्वार पूजा की। इसके बाद अध्यक्ष एवं कमेटी के पदाधिकारियों ने विवाह की परंपरा के अनुसार भगवान श्रीराम और माता सीता का पैर पूजी किया है। उसके बाद चारों भाइयों को कलेवा खिलाया गया। इस दौरान जानकी की सखियों ने पारंपरिक कलेवा गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा रामलीला मैदान विवाहोत्सव के रंग में रंग गया। आखिर पल आता है सीता जानकी के विदाई का जिसे सुनैना के संदेश ने दर्शकों का दिल छुआ लिया।

मंचन के दौरान भगवान श्रीराम ने माता सुनैना को बेटी के सम्मान, प्रेम और मर्यादा का संदेश देते हुए कहा कि बेटी केवल एक घर की नहीं होती, वह दो परिवारों को प्रेम और संस्कारों के बंधन में जोड़ती है। वहीं माता सुनैना ने जानकी को विदा करते हुए माता-पिता के स्नेह, संस्कार और बेटी के नए जीवन के लिए आशीर्वाद का भावपूर्ण संदेश दिया। इन संवादों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इसके बाद माता सीता की विदाई का दृश्य प्रस्तुत किया गया। विदाई के दौरान राम और जानकी के संवाद तथा माता सुनैना की ममता ने वातावरण को भावुक कर दिया। कई दर्शक भावुक होकर अपनी आंखों से आंसू पोंछते नजर आए। कलाकारों ने सजीव अभिनय से विवाह और विदाई की परंपरा को जीवंत कर दिया।

अध्यक्ष ने कहा रामलीला हमारी संस्कृति और संस्कारों का आईना है, रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और पारिवारिक संस्कारों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। रामबारात और विवाह लीला के माध्यम से नई पीढ़ी को हमारी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले नगरवासियों, श्रद्धालुओं और कमेटी के सभी सदस्यों का आभार जताया। रामबारात और विवाह लीला देखने के लिए रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान जय श्रीराम के जयघोष से रामलीला मैदान गूंजता रहा।

इस मौके पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष आशीष केसरवानी उर्फ बच्चा, महामंत्री पंकज गामा, पंकज शर्मा, उपाध्यक्ष ज्ञानचन्द्र गुप्ता, सुशील श्रीवास्तव, अमरेश, संगठन मंत्री झल्लर चौरासिया, रिंकू, रोहित गुप्ता, सुशील केसरवानी, सुनील श्रीवास्तव, सोने लाल, अजय वर्मा, सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं नगर के सम्भ्रान्त में पूर्व अध्यक्ष, मुकुन्दी, संजीत सिंह, चट्टू भाई, अवधेश, उमेंश, राकेश सहित आस-पास क्षेत्र के लोग मौजूद रहें।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor