कौशाम्बी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 17 एवं 24 अक्टूबर को विशेष कैंप का होगा आयोजन,पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील

कौशाम्बी: कौशाम्बी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 17 एवं 24 अक्टूबर को विशेष कैंप का होगा आयोजन,पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील,

यूपी के कौशाम्बी उप जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी प्रभाकर ने जनपद के समस्त नागरिकों को सूचित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—251-सिराथू, 252-मंझनपुर (अ0जा0) एवं 253-चायल में मतदाता नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए एवं प्रथम बार निर्वाचक बनने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत “कोई मतदाता न छूटे” (No Voter to Be Left Behind) के लक्ष्य को साकार करने तथा पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए दिनांक 17 अक्टूबर,2026 (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर,2026 (शनिवार) को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।

विशेष कैंप दिवस पर प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक उपस्थित रहेंगे। समस्त बी.एल.ओ. के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म 06 तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 10 अप्रैल,2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली एवं उसके बाद की पूरक सूचियां उपलब्ध रहेंगी। विशेष कैंप दिवस को प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन प्रपत्र भरने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। समस्त सभासद, ग्राम प्रधान, वालंटियर को इस संबंध में यथासंभव नियमानुकूल सहयोग प्राप्त करना अपेक्षित है। आयोजित इस विशेष कैंप में नामावली में नाम शामिल किए जाने संबंधी कार्यवाही के लिए संबंधित मतदाता अपनी अद्यतन जन्म तिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति तथा यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र की संख्या उपलब्ध है, तो उसे लेकर आए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया है कि यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो सम्प्रति चल रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पदाभिहित स्थलों (मतदान केंद्रों) पर पदाभिहित अधिकारी/बीएलओ से फॉर्म प्राप्त कर फॉर्म भरकर,उन्हें उपलब्ध करा सकते हैं।

तहसील कार्यालय/जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फॉर्म प्राप्त किया जा सकता है। ऑनलाइन माध्यम से आयोग के ECINET मोबाइल ऐप एवं आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 जमा कर सकते हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील की है कि निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें तथा नाम दर्ज न होने की स्थिति में आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor