कौशाम्बी: कृषि विज्ञान केंद्र में महिला किसान दिवस का आयोजन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में कृषि विज्ञान केंद्र, कौशाम्बी में गुरुवार को महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में महिला किसानों के महत्वपूर्ण योगदान को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में कुल 85 महिला किसानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सत्येन्द्र कुमार तिवारी, उप कृषि निदेशक, कौशाम्बी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मदन सेन सिंह, वैज्ञानिक, प्रसार निदेशालय, शुआट्स, प्रयागराज उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. अजय कुमार ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में महिला किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि कार्यों में नवीन पद्धतियों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला किसानों के ज्ञान एवं कौशल विकास को कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण बताया|
मुख्य अतिथि सत्येन्द्र कुमार तिवारी ने कार्यक्रम का उद्दघाटन दीप प्रज्जवलित करते हुए किया तथा उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हमारा देश भारत कृषि प्रधान देश है तथा कृषि में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान है इसलिए कृषि के क्षेत्र में समृद्धि के लिए महिलाओं का सशक्त होना बहुत ही जरुरी है| महिला किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. मदन सेन सिंह ने कृषि विकास में महिलाओं की भागीदारी एवं उनके सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला तथा महिलाओं को कृषि एवं संबद्ध व्यवसायों में अपनी सक्रिय भूमिका बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
केंद्र की गृह वैज्ञानिका डॉ. मीनाक्षी सक्सेना ने महिला किसानों को पोषण, गृह वाटिका तथा परिवार की खाद्य एवं पोषण सुरक्षा में महिलाओं की भूमिका के संबंध में जानकारी दी एवं समूह के द्वारा आय अर्जन कर आत्म निर्भर बनने हेतु प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया।
केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रदीप कुमार ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के महत्व के बारे में बताया।
कार्यक्रम के दौरान महिला किसानों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं, नवीन तकनीकों के उपयोग तथा आय बढ़ाने के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिला किसानों का सशक्तीकरण कृषि विकास, ग्रामीण समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला किसानों ने कृषि संबंधी विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा केन्द्र द्वारा उन्हें सब्जियों के बीज के किट का वितरण भी किया गया । इस प्रकार के आयोजन महिला किसानों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने तथा उन्हें आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








