कौशाम्बी: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को किया गया नमन, एसपी ने पढ़ा सीएम और डीजीपी का संदेश,
यूपी के कौशाम्बी जिले में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुलिस लाइन्स परिसर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने किया। परेड के दौरान एसपी ने सबसे पहले मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा प्रेषित संदेश पढ़कर सुनाया।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीन बॉर्डर पर CRPF के 10 जवानों ने अदम्य साहस के साथ दुश्मनों का सामना करते हुए वीरगति प्राप्त की थी। उन्हीं वीर जवानों की याद में हर साल 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर 01.09.2025 से 31.08.2026 तक की अवधि में कर्तव्य पालन के दौरान पूरे देश में शहीद हुए पुलिसजनों को याद किया गया। इस अवधि में उत्तर प्रदेश पुलिस के 06 पुलिस कर्मी कर्तव्य के दौरान शहीद हुए, जिनके कर्तव्यों और बलिदान का विवरण एसपी ने पढ़कर सुनाया।
इसके बाद शहीद स्मारक पर एसपी समेत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सम्मान गार्द द्वारा शोक परेड कर शहीदों को सलामी दी गई और 2 मिनट का मौन रखकर नमन किया गया।
इस अवसर पर एसपी ने जनपद में निवास करने वाले शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
परेड समारोह में एएसपी अमिता सिंह, समस्त सीओ, सीएफओ, समस्त थाना प्रभारी/शाखा प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के अनेक पुलिस कर्मियों ने प्रतिभाग किया।








