कौशाम्बी: भरवारी के दशहरा मेले में दूसरे दिन महिला मीना बाजार में महिलाओं ने की जमकर खरीदारी,दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम,जेबकतरों की भी रही चांदी,
यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद भरवारी के पुरानी बाजार के ऐतिहासिक दशहरा मेले के दूसरे दिन गुरुवार को भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। दोपहर में केवल महिलाओं के लिए आयोजित मीना बाजार में महिलाओं ने घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी की, वहीं मंडी समिति स्थित रावण मैदान में आयोजित दंगल में दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
जहां एक तरफ महिलाओं के लिए आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मीना बाजार मेले में पुरुषों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहता है। इस बार भी बाजार में सिर्फ महिलाओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने घरेलू सामान, श्रृंगार, कपड़े और अन्य जरूरत की चीजों की खरीदारी की। महिलाओं की सुरक्षा के लिए मीना बाजार में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
वही दूसरी ओर दशहरा मेला देखने आए पुरुषों के लिए रावण मैदान में दंगल का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के अलावा विभिन्न जनपदों और प्रांतों सहित नेपाल देश से आए पहलवानों ने प्रतिभाग किया। दंगल में दो दर्जन से अधिक कुश्तियां हुईं। महिला पहलवान की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। विजयी पहलवानों को रामलीला कमेटी द्वारा नकद पुरस्कार व उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान मेले की सुरक्षा को लेकर एसपी सत्यनारायण प्रजापत, एएसपी अमिता सिंह, सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी और थाना कोखराज की फोर्स ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। मेला क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस तैनात रही।
भरवारी के दो दिवसीय दशहरा मेले में विभिन्न मेला कमेटियों द्वारा लगाई गई आधुनिक प्रकार की कम्पटीशन लाइट व साउंड ने मेला देखने आए लोगों को खूब आकर्षित किया। लाइटों की आधुनिक चालों को देखकर मेला घूमने आए लोग मोबाइल पर वीडियो बनाते दिखाई दिए।
दशहरा के दूसरे दिन पांच कलात्मक चौकियां निकाली गईं। इसमें बाहर से आए कलाकारों ने तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का मन मोहा। चौकियों में राधाकृष्ण नृत्य, काली तांडव, शिव तांडव सहित तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसे देखने के लिए पूरी रात भीड़ डटी रही।
दो दिवसीय दशहरा मेले में बच्चों के लिए झूले भी लगाए गए थे। बच्चों ने मिक्की माउस, ड्रैगन ट्रेन, उड़न खटोला, बोट झूले आदि का खूब आनंद लिया।
मेले में भारी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने दो दर्जन से ज्यादा लोगों की जेब काट ली। किसी की नकदी व पर्स गायब हुआ तो किसी का मोबाइल चोरी हो गया। कई लोग मेला घूमकर मायूस होकर घर लौटे।








