कौशाम्बी: सपा के राष्ट्रीय महासचिव पर डिप्टी सीएम के दबाव में FIR दर्ज कराने के आरोपों को नगर पालिका अध्यक्ष ने नकारा,बोले 1994 में एक हत्या के मामले में इंद्रजीत सरोज थे शामिल,करायेंगे पुनः जांच,
यूपी के कौशाम्बी जिले की सियासत में इन दिनों भाजपा और सपा नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा के नगर पालिका परिषद मंझनपुर अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज उर्फ वीरेंद्र फौजी और सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप ने जिले का राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है।
विवाद की शुरुआत दो दिन पहले म्यौहर गांव के पास हुई कथित घटना से हुई। नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी का आरोप है कि वह अपने वाहन से प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज और उनके समर्थकों ने उनकी गाड़ी घेर ली। आरोप है कि इस दौरान उनके खिलाफ नारेबाजी की गई और जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
इस मामले में पुलिस ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज समेत पांच नामजद और सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। वहीं, मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
मामले को लेकर मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दबाव में मुकदमा दर्ज कराए जाने की बात को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी के दबाव में कार्रवाई नहीं कराई गई है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित तारीख की अपनी और विधायक इंद्रजीत सरोज की लोकेशन निकलवाने की मांग की, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के समय कौन कहां मौजूद था।
वीरेंद्र फौजी ने इंद्रजीत सरोज पर जानवरों 1994 में जगन्नाथ राही अँधावा की हत्या से जुड़े मामले को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह इसमें शामिल थे,लेकिन राजनीतिक पहुंच के चलते वह इससे बचते रहे है,और अपने दो रिश्तेदारों को इम मामले में फंसाकर जेल भिजवा दिया था ,उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में वह संबंधित अधिकारियों से मिलकर निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करेंगे। साथ ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए आशंका व्यक्त की कि उनके साथ भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि वह पूरे मामले में प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखेंगे और निष्पक्ष जांच चाहते हैं। उनका आरोप है कि राजनीतिक विरोध के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
फिलहाल भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष और सपा के राष्ट्रीय महासचिव के बीच बढ़ती तल्खी ने कौशाम्बी की राजनीति को गरमा दिया है। एक ओर मुकदमा दर्ज होने के बाद मामला पुलिस जांच के दायरे में है, तो दूसरी ओर सार्वजनिक बयानों के जरिए दोनों पक्षों के बीच सियासी टकराव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।








