कौशाम्बी: मंझनपुर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज पर जानलेवा हमला,सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सदर विधायक इंद्रजीत सरोज समेत चार के खिलाफ शिकायत,
यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंझनपुर से विधायक इंद्रजीत सरोज सहित चार लोगों पर रास्ता रोककर जानलेवा हमला करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने शनिवार की शाम करारी थाना प्रभारी निरीक्षक को लिखित शिकायती पत्र देकर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह अशोक नगर, वार्ड नंबर 10, ओसा चौराहा, मंझनपुर के निवासी हैं। वह शाम को करीब 4:30 बजे मंझनपुर नगर पालिका से अपने वाहन से प्रयागराज जा रहे थे।आरोप है कि रास्ते में म्योहर गांव के पास म्योहर निवासी प्रदीप चौधरी के घर के निकट समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सदर विधायक इंद्रजीत सरोज, वेदपाल निवासी ओसा, शादाब और शिवपूजन यादव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ इकट्ठा होकर आ गए और उन लोगों ने एकजुट होकर उन पर जानलेवा हमला किया और भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए।
इसी दौरान मौके पर अभद्रता और तू-तू मैं-मैं भी हुई।साथ ही उन्हें अमर्यादित भाषा और गंदी-गंदी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।जब उनके सरकारी गनर ने अभद्रता करने वालों को दौड़ाया तो वह सभी भाग गए।
नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ने थानाध्यक्ष करारी से कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।







