कौशाम्बी: राजकीय बालिका संप्रेक्षण गृह प्रयागराज में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित,बालिकाओं को शोषण के विरुद्ध अधिकार, बाल अधिकार एवं पॉश एक्ट की दी गई जानकारी,
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशाम्बी के तत्वावधान में बुधवार को राजकीय बालिका संप्रेक्षण गृह खुल्दाबाद प्रयागराज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, शोषण के विरुद्ध संरक्षण तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. नरेन्द्र दिवाकर ने शोषण के विरुद्ध अधिकार, भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पॉश (POSH) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक महिला को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में कार्य करने का अधिकार है। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में उचित कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
ममता दिवाकर ने बाल अधिकारों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं विकास से संबंधित अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना स्पॉन्सरशिप योजना एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में बताते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं अमरदीप दिवाकर ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श, मध्यस्थता एवं अन्य विधिक सेवाओं और सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि आर्थिक अथवा अन्य किसी प्रकार की असमर्थता के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को कानून के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों को समझने तथा किसी भी अन्याय, शोषण या उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने को कहा गया।
इस अवसर पर राजकीय बालिका संप्रेक्षण गृह के कर्मचारी, गुंजा देवी, मालती चौधरी, प्रीती गुप्ता, सुमन देवी, माया देवी सहित बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं।








