कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में पहली बार जटिल जबड़े के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन,12 दांत जैसी संरचनाएं निकाली गईं, सर्जरी के एक माह बाद जबड़े में फंसे दो प्राकृतिक दांत भी स्वतः निकले

कौशाम्बी: कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में पहली बार जटिल जबड़े के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन,12 दांत जैसी संरचनाएं निकाली गईं, सर्जरी के एक माह बाद जबड़े में फंसे दो प्राकृतिक दांत भी स्वतः निकले,

यूपी के कौशाम्बी जिले के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। महाविद्यालय में पहली बार जबड़े के एक दुर्लभ एवं जटिल ट्यूमर (ओडोंटोमा) का सफल ऑपरेशन किया गया है। सर्जरी के दौरान ट्यूमर से दांतों जैसी 12 असामान्य संरचनाएं निकाली गईं। उपचार की विशेष उपलब्धि यह रही कि जबड़े में फंसे मरीज के दो प्राकृतिक स्थायी दांत (कैनाइन एवं लेटरल इंसाइजर) भी ऑपरेशन के लगभग एक माह बाद स्वतः मुख में निकल आए।

यह जटिल सर्जरी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई। दंत चिकित्सा के क्षेत्र में इस प्रकार के मामले अपेक्षाकृत दुर्लभ होते हैं। विशेषकर ट्यूमर को निकालने के साथ-साथ प्राकृतिक स्थायी दांतों को सुरक्षित रखना चिकित्सकीय दृष्टि से चुनौतीपूर्ण होता है।

जानकारी के अनुसार, मरीज ऊपरी जबड़े के अगले हिस्से में सूजन और स्थायी दांतों के नहीं निकलने की समस्या से परेशान था। दांतों के न निकलने के कारण उसे अपनी मुस्कान को लेकर सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ रहा था। जांच के दौरान क्लिनिकल परीक्षण एवं रेडियोग्राफिक इमेजिंग में बड़े ओडोंटोमा का पता चला। ओडोंटोमा एक विकास संबंधी दंत विकार है, जिसमें दांतों जैसी असामान्य संरचनाएं विकसित हो जाती हैं। इनके कारण सामान्य स्थायी दांतों के निकलने में बाधा उत्पन्न हो सकती है।

चिकित्सकीय टीम ने स्थानीय एनेस्थीसिया देकर सावधानीपूर्वक सर्जरी की और पूरे ओडोंटोमा को सफलतापूर्वक निकाल दिया। इस प्रक्रिया में दांतों जैसी कुल 12 संरचनाएं प्राप्त हुईं। ऑपरेशन के दौरान आसपास के ऊतकों तथा जबड़े में फंसे प्राकृतिक स्थायी दांतों को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक रही। एक माह बाद किए गए फॉलोअप परीक्षण में ऑपरेशन स्थल पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। साथ ही, पहले से जबड़े में फंसे दोनों स्थायी दांत—कैनाइन एवं लेटरल इंसाइजर—स्वतः मुख में निकल आए। इससे मरीज को न केवल चिकित्सकीय राहत मिली, बल्कि उसकी मुस्कान और आत्मविश्वास में भी सुधार हुआ।

सर्जिकल टीम में डॉ. अरुण पांडेय (असिस्टेंट प्रोफेसर एवं डेंटल सर्जन) की विशेष भूमिका रही। ऑपरेशन में डॉ. हेमलता द्विवेदी (एसोसिएट प्रोफेसर) एवं डॉ. ऋचा डोकानिया (सीनियर रेजिडेंट) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनके अतिरिक्त डॉ. प्रीति, डॉ. आरती, डॉ. अविनाश एवं डॉ. शिवांगी (जूनियर रेजिडेंट), डेंटल हाइजीनिस्ट श्रीमती श्रृंखला वर्मा तथा वार्ड बॉय श्री वीरेंद्र कुमार ने भी उपचार प्रक्रिया में सहयोग किया।

प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने इस सफलता पर पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जटिल सर्जरी की सफलता महाविद्यालय की चिकित्सकीय क्षमताओं और टीमवर्क को दर्शाती है।

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, ओडोंटोमा का समय पर निदान एवं उचित सर्जिकल उपचार महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह स्थायी दांतों के सामान्य रूप से निकलने में बाधा बन सकता है। उपयुक्त मामलों में ट्यूमर को हटाकर प्राकृतिक दांतों को संरक्षित किया जा सकता है और उनके स्वतः निकलने की संभावना भी बनी रहती है। यह सफल ऑपरेशन महाविद्यालय में दंत चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor