कौशाम्बी: शौच के लिए जा रहे युवक पर कुल्हाड़ी और लाठी से जानलेवा हमला,पुलिस से शिकायत,
यूपी के कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के नगर पालिका परिषद भरवारी के दशरथपुर में बुधवार की सुबह एक युवक पर कुल्हाड़ी और लाठी से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहा डॉक्टर ने उसका इलाज किया घर वापस भेज दिया,वही पीड़ित ने थानाध्यक्ष कोखराज को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना कोखराज थाना क्षेत्र के नगर पालिका परिषद भरवारी के दशरथपुर की है जहा के अनुज कुमार पुत्र कमलाकांत ने तहरीर में बताया कि बुधवार को सुबह वह शौच क्रिया करने के लिए खेत की तरफ जा रहा था। आरोप है कि तभी पहले से ही घात लगाकर बैठे गांव के ही अनुज और अनुराग ओझा ने पीछे से उसे रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि तुम लोग बहुत बढ़ गए हो। इसी दौरान एक आरोपी ने अपने हाथ में लिए कुल्हाड़ी से उस पर वार कर दिया। उसने अपना सिर बचाया तो कुल्हाड़ी उसके सीने पर लगी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि दूसरे आरोपी ने लाठी से भी प्रार्थी के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया।
तहरीर के अनुसार, आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए धमकी देते हुए कहा कि आज तो बच गया है, लेकिन हम तुमको जिंदा नहीं छोड़ेंगे।
पीड़ित ने थानाध्यक्ष से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वही पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।








