कौशाम्बी: जिला जनगणना हस्तपुस्तिका हेतु ग्राम एवं नगर निर्देशिका के आंकड़ों के संकलन कार्य के लिए चार्ज अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण,
यूपी के कौशाम्बी जिले में राष्ट्रीय कार्यक्रम भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत मकान गणना के उपरांत अग्रिम चरण में गुरुवार को जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर एवं उप निदेशक, जनगणना अजय द्वारा जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका के आंकड़ों के संकलन कार्य के संबंध में चार्ज अधिकारियों, समस्त तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों को बिंदुवार प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देशों तथा कार्य के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि इस बार यह कार्य पहली बार पूर्णतः मोबाइल एप एवं वेब पोर्टल के माध्यम से संपादित किया जाएगा, जिससे आंकड़ों का संकलन अधिक पारदर्शी, सटीक एवं त्वरित रूप से सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिला जनगणना अधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी के अनुरूप अधीनस्थ कार्मिकों को भी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका के लिए आंकड़ों के संकलन का कार्य सभी नामित कार्मिकों द्वारा 16 अगस्त से 15 सितंबर, 2026 की अवधि में मोबाइल एप एवं वेब पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में पूर्ण गंभीरता, समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय में शत-प्रतिशत आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।








