कौशाम्बी: हर घर तिरंगा अभियान के तहत कौशाम्बी पुलिस ने निकाली तिरंगा रैली, क्षेत्र में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश,
यूपी के कौशाम्बी जिले में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा रैली का शुभारंभ पुलिस ऑफिस कौशाम्बी से किया गया।
इस रैली में एसपी सत्यनारायण, एएसपी अमिता सिंह,सभी सीओ सहित जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर एवं नगर पालिका अध्यक्ष वीरेन्द्र फौजी भी उपस्थित रहे।
इस तिरंगा रैली में पुलिस ऑफिस में नियुक्त महिला उपनिरीक्षकों एवं महिला आरक्षियों द्वारा विशेष उत्साह के साथ स्कूटी एवं हेलमेट के साथ सहभागिता की गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर रैली में प्रतिभाग किया तथा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देश के प्रति कर्तव्य एवं राष्ट्रीय एकता की भावना के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया।
तिरंगा रैली के दौरान पुलिसकर्मियों में विशेष उत्साह एवं देशभक्ति का भाव देखने को मिला। रैली के माध्यम से जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया।
जनपद कौशाम्बी पुलिस द्वारा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने तथा आमजन में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।








