कौशाम्बी: जिला पंचायत अध्यक्ष ने पंच सम्मेलन कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारम्भ,
यूपी के कौशाम्बी जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने गुरुवार को उदयन सभागार में विकसित भारत-जी राम जी योजनान्तर्गत आयोजित ‘‘पंच सम्मेलन’’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायती राज विभाग के तीनों स्तरों-ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों को योजना के उद्देश्यों, प्रक्रिया, संचालन एवं गाइड लाइन के संबंध में जागरूक एवं प्रशिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना की विशेषताओं एवं ग्रामीण विकास में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय जरूरतों के आधार पर निर्धारित करते हुए योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जाना चाहिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं एवं आजीविका के अवसरों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकें।
उपायुक्त श्रम रोजगार ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, संचालन प्रक्रिया तथा अधिनियम में निहित प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र रूप से अपनी कार्ययोजना तैयार करेंगी, जिससे गांवों में आवश्यकतानुसार स्थायी एवं उपयोगी परिसम्पत्तियों का निर्माण कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत ग्राम पंचायतों में मुख्य रूप से चार प्रमुख श्रेणियों-(1) जल संरक्षण एवं प्रबन्धन, (2) मुख्य ग्रामीण अवसंरचना, (3) आजीविका से जुड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा (4) आपदा न्यूनीकरण संबंधी कार्यों को प्राथमिकता दी जायेगी। साथ ही, ग्राम पंचायतों के समेकित एवं संतुलित विकास को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम पंचायतों को ए, बी एवं सी श्रेणियों में वर्गीकृत किये जाने तथा इनसे संबंधित प्रावधानों के बारे में भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों को विस्तार से अवगत कराया गया।
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने सम्मेलन में उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों को योजना के व्यापक उद्देश्यों की जानकारी देते हुए ग्राम पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए गांवों के समन्वित एवं सतत विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया। उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा योजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की गयी तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सरसवां एवं नेवादा, डीएम डॉ. अमित पाल, परियोजना निदेशक दिनकर कुमार विद्यार्थी एवं जिला पंचायतराज अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।








