कौशाम्बी: डॉ. रिज़वी स्प्रिंगफील्ड स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस,शिक्षकों के सम्मान में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम,
यूपी के कौशाम्बी जिले के डॉ. रिज़वी स्प्रिंगफील्ड स्कूल करारी में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एवं विद्यालय के सभी शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों एवं संगीत शिक्षक द्वारा “तुम ही हो माता, तुम ही हो पिता” की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने एक अनूठी पहल के तहत शिक्षकों की भूमिका निभाई और विभिन्न कक्षाओं में जाकर अध्यापन कार्य किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षक के दायित्वों और उनकी जिम्मेदारियों को करीब से समझने का अनुभव प्राप्त किया।
प्रधानाचार्य द्वारा नियुक्त शिक्षकों ने ऑब्जर्वर के रूप में विद्यार्थियों के शिक्षण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के आधार पर कक्षा 12 के विद्यार्थियों में से तीन छात्रों का चयन “बेस्ट टीचर अवॉर्ड” के लिए किया गया। प्रधानाचार्य ने चयनित विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। गीत, संगीत एवं अन्य प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों से आशीर्वाद लेकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। वहीं प्रधानाचार्य ने विद्यालय के सभी शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षक दिवस पर उनके लिए सबसे बड़ी गुरुदक्षिणा यही होगी कि वे अपने जीवन से बुराइयों का त्याग करें और अच्छे संस्कारों को अपनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से एक अच्छे समाज के निर्माण में योगदान देने तथा अच्छे नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प भी दिलाया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों का चरित्र निर्माण ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के हेड बॉय अर्पित गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने प्रधानाचार्य, सभी शिक्षकों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षक दिवस का यह आयोजन गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता की भावना को समर्पित रहा।








