कौशाम्बी: कौशाम्बी में यमुना में नहाने गए तीन किशोर डूबे, दो सगे भाइयों सहित तीन की मौत,घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने निकाले शव,
यूपी के कौशाम्बी जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र के महेवाघाट घाट यमुना पुल के नीचे भटपुरवा गांव के समीप शनिवार की शाम यमुना नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद शाम लगभग 5 बजे तीनों के शव नदी से बाहर निकाला हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।
मृतकों में करण निषाद (11) और शनि निषाद (10) दोनों पुत्र राजेश निषाद, बिजेंद्र निषाद (13) पुत्र सोनू निषाद सभी महेवाघाट के रहने वाले थे। तीनों घर ने पास कुछ दूरी पर यमुना नदी में पहुंच गए और नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों डूब गए। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद तीनों किशोरों के शव बरामद किए गए।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक साथ तीन किशोरों की मौत की खबर से महेवाघाट क्षेत्र में मातम पसर गया। वहीं, दो सगे भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं घटना के बाद से शनि व करन मृतकों के पिता राजेश मां अनीता, बृजेंद्र के पिता सोनू व मां शिवानी देवी का रो- रोकर बुरा हाल है।








