कौशाम्बी: शिक्षक दिवस पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित: BSA डाॅ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा सहित उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित,
“शिक्षक सम्मान से बढ़ता है शिक्षा का मान” के संकल्प के साथ बेसिक शिक्षा विभाग, कौशाम्बी के तत्वावधान में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती पर उदयन सभागार, मंझनपुर में शिक्षक दिवस का भव्य आयोजन एवं सम्मान समारोह संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कल्पना सोनकर (अध्यक्ष, जिला पंचायत कौशाम्बी) तथा विशिष्ट अतिथि प्रतिभा कुशवाहा (सदस्य, राज्य महिला आयोग) रहीं। इसके अलावा पूर्व विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल, जिलाध्यक्ष भाजपा धर्मराज मौर्य, वीरेन्द्र सरोज (फौजी) एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के शुभारंभ में अतिथियों व शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिक्षक दिवस संबोधन का सजीव प्रसारण (Live Telecast) देखा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को राष्ट्रीय NIEPA अवॉर्ड: बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा को राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA), नई दिल्ली द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में ‘शैक्षिक प्रबंधन एवं नवोन्मेष (Educational Administration & Innovations)’ हेतु राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने की गौरवमयी उपलब्धि से सभागार को अवगत कराया गया।
नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से अलंकृत शिक्षक शालिनी कुशवाहा तथा मुख्यमंत्री द्वारा राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित सुमन कुशवाहा का विशेष अभिनंदन किया गया।
जनपद कौशाम्बी के प्रत्येक ब्लॉक से चयनित 15-15 शिक्षकों सहित कुल 120 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षण कार्य में नवाचार व समर्पण हेतु अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डीएम डॉ. अमित पाल (IAS) एवं सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी के कुशल मार्गदर्शन में जिले की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे गुणात्मक सुधारों की सराहना की। अंत में शिक्षकों ने गुणवत्तापूर्ण व समावेशी शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संकल्प लिया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।








