कौशाम्बी: कौशाम्बी में मिशन शक्ति 6.0 का आगाज,स्कूटी जागरूकता रैली से गूंजा महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश,
यूपी के कौशाम्बी जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया। सोमवार को पुलिस कार्यालय मंझनपुर से स्कूटी जागरूकता रैली निकाली गई और महिला सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर,एसपी सत्यनारायण प्रजापत और एएसपी अमिता सिंह व मंझनपुर कोतवाल विनीत सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनमें सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना रहा।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने, उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। पुलिस का यह अभियान महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सम्मानजनक वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।








