लखनऊ: पत्रकार समाज के मार्गदर्शक, सरकार को पत्रकारों की लंबित मांगों पर देना चाहिए ध्यान: ओंकार सिंह,
यूपी की राजधानी लखनऊ में जनता दल (सेकुलर) के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओंकार सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र के तीनों स्तंभों की मार्गदर्शक है। मीडिया नेताओं, अधिकारियों और समाज को सही राह दिखाने के साथ उन्हें सीख और चेतावनी भी देता है। आवश्यकता पड़ने पर पत्रकारिता व्यवस्था की आलोचना कर उसे सुधारने का काम करती है।
वह शनिवार को विधायक निवास-2, दारुलशफा स्थित कॉमन हाल में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) द्वारा आयोजित स्व. राधेश्याम लाल कर्ण स्मृति पर्यावरण सम्मान समारोह एवं प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के उद्घाटन सत्र को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक राजनीतिक क्रांति के नायक लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने भी दो अखबार निकाले थे, जिससे पत्रकारिता के महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है।
समारोह के मुख्य वक्ता एपीएन न्यूज चैनल के प्रधान संपादक डॉ. प्रसून शुक्ल ने पत्रकार पेंशन की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यह कोई दान नहीं, बल्कि पत्रकारों का अधिकार है। वरिष्ठ पत्रकार एवं राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने कहा कि पत्रकार अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार को लंबित मांगों पर तत्काल ध्यान देना चाहिए।
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। ऐसे में पत्रकारों को दायित्वबोध के साथ सत्य को उजागर करना चाहिए। एनयूजेआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मलिक ने पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता बताते हुए कहा कि बिहार में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाया गया है, उत्तर प्रदेश सरकार को भी इस दिशा में पहल करनी चाहिए।
एनयूजे की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. फालकुमार पंवार ने पत्रकारों की मांगों पर सरकार की उदासीनता का आरोप लगाते हुए संघर्ष का रास्ता अपनाने की बात कही। वहीं उपज के महामंत्री आनंद कर्ण ने अपने पिता एवं उपज के संस्थापक महामंत्री स्व. राधेश्याम लाल कर्ण के जीवन, पत्रकारिता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके योगदान एवं समर्पण पर प्रकाश डाला।
चार जिला इकाइयों को मिला पर्यावरण सम्मान
समारोह में उपज की वाराणसी, भदोही, रायबरेली और अंबेडकर नगर जिला इकाइयों को स्व. राधेश्याम लाल कर्ण स्मृति पर्यावरण सम्मान प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि ओंकार सिंह ने जिला इकाइयों के पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने किया।
कार्यकारिणी बैठक में पांच प्रस्ताव पारित
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में उपज की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों की पेंशन, पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य बीमा, राज्य संपत्ति विभाग के गेस्ट हाउस में समान दर लागू करने तथा जिलों में स्थायी समिति के गठन से संबंधित पांच प्रस्ताव पारित किए गए। संगठन ने सरकार से इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश सिंह,महामंत्री आनंद कर्ण,कोषाध्यक्ष बाल मुकुंद तिवारी सहित प्रदेश भर के तमाम पत्रकार मौजूद रहे।








