मुख्यमंत्री के निर्देश पर पटाखा फैक्ट्री विस्फोट घटना के आरोपियों के साम्राज्य पर चला प्रशासन का बुलडोजर,मुख्य आरोपी नौशाद के भाई शकील का मकान भी ध्वस्त

कौशाम्बी: मुख्यमंत्री के निर्देश पर पटाखा फैक्ट्री विस्फोट घटना के आरोपियों के साम्राज्य पर चला प्रशासन का बुलडोजर,मुख्य आरोपी नौशाद के भाई शकील का मकान भी ध्वस्त,

यूपी के कौशाम्बी जिले में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट की दुःखद घटना के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्य आरोपी नौशाद के भाई एवं 50हजार एक इनामी शकील पुत्र निजामुद्दीन के मकान के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

शकील भी इस प्रकरण में आरोपी है। प्रशासन द्वारा प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत की गई इस कार्रवाई के साथ आज की तिथि में वर्तमान प्रकरण से संबंधित सभी अभियुक्तों की संपत्तियों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है।

पिपरी थाना क्षेत्र में 31 अगस्त को पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 14 लोगों की जान चली गई थी। वहीं, तीन घायल अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी शकील के घर पर शुक्रवार शाम प्रशासन का बुलडोजर चला।

शकील पुत्र निजामुद्दीन महमदपुर मनौरी का रहने वाला है। प्रयागराज आईजी ने उस पर इनाम राशि बढ़ा दी है। पहले शकील पर 25 हजार का इनाम घोषित था, जिसे आईजी ने देर रात बढ़ाकर 50 हजार कर दिया है।

शुक्रवार शाम 4:30 बजे जिला प्रशासन, PDA प्रयागराज और कौशांबी पुलिस की संयुक्त टीम ने इनामी आरोपी शकील के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की। इस दौरान बुलडोजर से उसके मकान को जमींदोज किया गया। मकान के बगल में बने गोदाम में खड़े उसके दो जनरेटर और रोड लाइट के सामानों पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान कोई हंगामा न हो, इसके लिए दो थानों की पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। बुलडोजर की कार्रवाई देखने के लिए स्थानीय लोगों की बड़ी भीड़ जमा हो गई थी।

पुलिस ने मुख्य आरोपी नौशाद की पत्नी कहकसा बानो को भी गिरफ्तार कर लिया है। कहकसा पर 25 हजार रुपये का इनाम था। बीते 31 अगस्त को हुए इस विस्फोट के संबंध में पिपरी थाने में छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया था, जबकि चार अन्य फरार थे। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने चार टीमें बनाई थीं। पुलिस ने इस मामले में नौशाद और आदिल को मुठभेड़ के बाद पकड़ा था। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों को भी मौके से पकड़ा गया था।

फरार आरोपी शकील पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि इस विस्फोट कांड में शामिल अन्य आरोपियों की संपत्ति की भी जांच चल रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor