कौशाम्बी: युवक का शव परिजनों ने सड़क पर रखकर किया चक्काजाम, 20 दिन पहले बिजली के खंभे से गिरकर हुआ था गंभीर रूप से घायल,इलाज के दौरान तोड़ा दम,
यूपी के कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में बिजली के खंभे से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान सोमवार की शाम मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों ने युवक का शव रोड पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया।
पिपरी थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी शिव बहादुर पुत्र हीरालाल लगभग 20 दिन पहले गांव के कुछ लोगों के कहने पर बिजली के खंभे पर चढ़कर बिजली की लाइन ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए प्रयागराज ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा था। सोमवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने इस मामले में गांव के तीन लोगों के खिलाफ पिपरी थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। युवक की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने 24 घंटे में आरोपियों पर कार्यवाई करने का आश्वासन देकर चक्का जाम समाप्त कराया और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।








