कौशाम्बी: एसपी ने भरवारी कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा, दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर आयोजकों से किया संवाद,
यूपी के कौशाम्बी एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने सीओ सिराथू एवं प्रभारी निरीक्षक कोखराज तथा जोनल दंगा नियंत्रण टीम के साथ भरवारी कस्बे में पैदल गश्त की। इस दौरान आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कस्बे की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया तथा प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थलों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर आयोजकों से बातचीत की तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन तथा आवागमन को सुचारु बनाए रखने के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
एसपी ने आयोजकों से अपील की कि त्योहारों के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहकर निरंतर गश्त करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।








