मेडिकल कॉलेज में छात्राओं को मिला चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता का पाठ,प्रधानाचार्य ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित

कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज में छात्राओं को मिला चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता का पाठ,प्रधानाचार्य ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित,

यूपी के कौशाम्बी जिले में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में उच्च प्राथमिक विद्यालय कादीपुर की छात्राओं के लिए शैक्षणिक भ्रमण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करने और भविष्य में अपने लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) हरिओम कुमार सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

प्रधानाचार्य ने कहा कि बालिकाओं को उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्राओं को महाविद्यालय के एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, फॉरेंसिक मेडिसिन, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन एवं फार्माकोलॉजी विभागों का अवलोकन कराया गया। छात्राओं को मानव शरीर की संरचना एवं कार्यप्रणाली, रोगों की पहचान, प्रयोगशाला जाँच, औषधियों के महत्व तथा रोगों की रोकथाम से संबंधित जानकारी दी गई।

इस दौरान छात्राओं को चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। उन्होंने विभिन्न विभागों के बारे में जानकारी प्राप्त की और उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की। इस पहल से छात्राओं में चिकित्सा क्षेत्र के प्रति रुचि बढ़ाने तथा भविष्य में करियर के नए अवसरों को समझने में सहायता मिली।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम ने छात्राओं को अपने भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय कादीपुर, कौशाम्बी की प्रधानाचार्य सविता देवी, सहायक अध्यापक पूजा सिंह पटेल तथा अनुदेशक सुषमा देवी उपस्थित रहीं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor