UP में INDI एलायंस फाइनल,सपा 63 तो कांग्रेस 17 पर लड़ेगी चुनाव,कुछ छोटे दलों को भी सपा देगी सीट

उत्तर प्रदेश,

UP में INDI एलायंस फाइनल,सपा 63 तो कांग्रेस 17 पर लड़ेगी चुनाव,कुछ छोटे दलों को भी सपा देगी सीट,

यूपी में I.N.D.I. अलायंस काफी अटकलों के बाद पूरी तरह से फाइनल हो गया है, लंबी जद्दोजहद के बाद सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर समझौता हो गया है, सपा 63 सीटों पर जबकि कांग्रेस 17 सीटो पर चुनाव लड़ेगी। सपा अपने कोटे से कुछ छोटे दलों को भी सीट दे सकती है, वहीं मध्य प्रदेश की खजुराहो सीट पर सपा चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस की तरफ से यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी मीडिया के सामने आए और गठबंधन का ऐलान किया। यूपी में 7 साल बाद कांग्रेस और सपा दोबारा एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।इसके पहले 2017 में यह दोनो साथ मिलकर चुनाव लड़ चुके है।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि लखनऊ में हम आपसे बात कर रहे हैं, लेकिन भारत को बचाने का संदेश पूरे देश में जा रहा है। अखिलेश यादव ने बार-बार कहा है कि 2014 में यूपी से ही भाजपा आई थी और 2024 में यहीं से भाजपा सत्ता से बाहर जाएगी।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी का आभार व्यक्त करता हूं। इस गठबंधन को लेकर देश बहुत समय से उम्मीद लगाए बैठा था।

राजेंद्र चौधरी ने कहा- हम इस संदेश को लेकर आए हैं कि देश के हालात बहुत खराब हैं। किसान, युवा सड़कों पर है, समाज भाजपा की कुनीतियों का शिकार हो रहा है।हम देश-प्रदेश के सम्मानित मतदाताओं से अपील करते हैं कि पूरी ईमानदारी से मताधिकार का प्रयोग राष्ट्र को बचाने में करें।आज भाजपा ने देश में सभी समाज के साथ अन्याय व उत्पीड़न किया है। हम सपा-कांग्रेस के प्रतिनिधि समझौते की घोषणा करने आए हैं।

कांग्रेस यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा- राहुल गांधी की यात्रा का गठबंधन से सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। प्रियंका गांधी ने गठबंधन को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।हम राहुल गांधी की यात्रा का निमंत्रण स्वीकार करने के लिए अखिलेश यादव को धन्यवाद देते हैं। यूपी में अभी 24-25 फरवरी को राहुल की यात्रा चल रही है, अखिलेश यात्रा में शामिल होंगे।इससे पहले बुधवार को मुरादाबाद में पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा था कि गठबंधन होगा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor