कौशाम्बी: ABVP के सदस्यता अभियान में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा गूंजा विद्यार्थी परिषद का नारा,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान 2026-27 के क्रम में बुधवार को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सदस्यता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में महर्षि पब्लिक इंटर कॉलेज, पश्चिम शरीरा एवं महादेव सिंह रौर इंटर कॉलेज, चायल में सदस्यता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ग्रहण की।
महर्षि पब्लिक इंटर कॉलेज, पश्चिम शरीरा में जिला सदस्यता प्रमुख गौरव मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अभाविप के उद्देश्य, कार्यपद्धति एवं छात्रहित में किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद से जुड़कर विद्यार्थी न केवल अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सकारात्मक परिवर्तन में भी सहभागी बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं महादेव सिंह रौर इंटर कॉलेज, चायल में भी सदस्यता अभियान के दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों ने अभाविप की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर तहसील संयोजक प्रशांत मणि पांडेय ने विद्यार्थियों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अभाविप देश का व्यापक छात्र संगठन है, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ राष्ट्रहित के विषयों पर निरंतर कार्य करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संगठन से जुड़कर रचनात्मक एवं सकारात्मक गतिविधियों में भागीदारी करने का आह्वान किया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि जिले में चल रहे सदस्यता अभियान को विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थी उत्साह के साथ परिषद की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। सदस्यता अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को संगठन की विचारधारा, कार्यप्रणाली एवं छात्रहित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों से परिचित कराया जा रहा है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, नेतृत्व, सामाजिक दायित्व एवं राष्ट्रहित की भावना से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना है। कौशाम्बी जिले में सदस्यता अभियान आगामी दिनों में भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निरंतर जारी रहेगा। इसी दौरान आदित्य सिंह, सुधांशु, सक्षम, शौर्य जी सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








