कौशाम्बी,
शून्य से शिखर तक संघर्षों के एक युग का अवसान है नेता जी मुलायम सिंह का निधन-चन्द्र दत्त शुक्ल,
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवम समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के निधन पर कौशाम्बी जिला सहकारी फेडरेशन डी. सी.एफ. के चेयरमैन चन्द्र दत्त शुक्ल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव के निधन से राष्ट्रीय राजनीति में एक जमीनी नेता और संघर्षों की सियासत के एक युग का अवसान हो गया है ,यह अपूर्णीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस का विरोध और सदैव भाजपा विरोध की राजनीति के लिए जाने गए मुलायम सिंह यादव राजनीतिक विरोधियों का प्रबल विरोध करने साथ उनका सम्मान करने के लिए भी जाने जाते थे, इसी कारण उनका सम्पर्क संवाद सभी दलों के नेताओं से था।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने शून्य से शिखर तक का सफर अपने दम पर तय किया जिसके लिए वह सदैव याद किए जाएंगे ,उन्होंने कहा कि गरीबों, मजलूमों के लिए उनके संघर्षों ने ही धरती पुत्र के रूप में उनको प्रतिष्ठापित किया, संघर्षों में तप कर निखरे मुलायम सिंह यादव जी की चिर स्मृतियाँ राष्ट्रीय राजनीति में सदैव जीवन्त रहेगी ।








