कौशाम्बी: विश्व सीओपीडी दिवस पर मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बेहतर जीवन के लिए शीघ्र निदान एवं उपचार पर दिया गया जोर,
यूपी के कौशाम्बी जिले में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बुधवार को विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ’’बेहतर जीवन के लिए शीघ्र निदान एवं उचित प्रबंधन रखी गई’’।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ’डॉ. हरिओम कुमार सिंह’ के संबोधन से हुआ। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि सीओपीडी एक गंभीर श्वसन संबंधी बीमारी है, जिसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस बीमारी की समय पर पहचान, नियमित चिकित्सकीय परामर्श तथा उचित उपचार के माध्यम से मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।
उन्होंने चिकित्सकों एवं चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे आमजन को सीओपीडी के लक्षणों, जोखिम कारकों एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार करना ही नहीं, बल्कि लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है।
कार्यक्रम में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने सीओपीडी के बढ़ते प्रभाव, इसके प्रमुख कारणों एवं जोखिम कारकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बीमारी के प्रति जागरूकता एवं समय रहते चिकित्सकीय जांच कराने के महत्व को रेखांकित किया।
इसके उपरांत पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव सिंह ने सीओपीडी के क्लीनिकल प्रेजेंटेशन एवं मैनेजमेंट विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बीमारी के नैदानिक लक्षणों तथा इसके उचित चिकित्सकीय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सीओपीडी के प्रति जागरूकता और समय पर चिकित्सकीय परामर्श स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस प्रकार के शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम चिकित्सा जगत के साथ-साथ समाज के लिए भी उपयोगी सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने संदेश दिया कि ’सीओपीडी की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार एवं निरंतर जागरूकता ही बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।’
कार्यक्रम मे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 पंकज कुमार तिवारी, आचार्य डा0 सरस्वती जायसवाल यादव, सह-आचार्य, डा0 अरिन्दम् चक्रवर्ती, डा0 राकेश कुमार शुक्ला, डा0 रविरंजन सिंह, डा0 शारदा सिंह, सहायक आचार्य, डा0 धर्मेन्द्र मिश्रा, डा0 नरेन्द्र कुमार, डा0 शिवम् बिश्नोई, डा0 अंकित तिवारी, डा0 नन्दिनी राघव, डा0 अरूण कुमार, एवं अन्य संकाय सदस्य, चिकित्साधिकारी, सीनियर रेजीडेन्ट, जूनियर रेजीडेन्ट, इन्टर्न, व एम0बी0बी0एस0 के छात्र छात्राऐ उपस्थित रहे।








