कौशाम्बी: जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मानित,
यूपी के कौशाम्बी जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम (वि./रा.) शालिनी प्रभाकर ने सोमवार को कार्यालय कक्ष में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने वाले प्रगणकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला जनगणना अधिकारी/एडीएम (वि./रा.) ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण में HLO का कार्य सर्वप्रथम पूर्ण करने वाले प्रगणक रितु सिंह, राज सिंह, संतलाल, विकास कुमार पाण्डेय, संतोष कुमार, नीरज श्रीवास्तव, मोहम्मद शाहनवाज, प्रवीण कुमार, अनीता देवी एवं उमा यादव को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।
जिला जनगणना अधिकारी/एडीएम (वि./रा.) ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय गतिविधियों में से एक है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण एवं संसाधनों का समुचित वितरण सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने सभी प्रगणकों से जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपादित करने का आह्वान किया। उन्होंने सम्मानित प्रगणकों को बधाई देते हुए कहा कि उनके द्वारा निर्धारित समय से पूर्व कार्य पूर्ण करना अन्य कार्मिकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।








