प्रयागराज: मरीजों की मदद के लिए थिरके डांडिया के कदम,कनकधारा के ‘पिंक अक्टूबर डांडिया उत्सव’ में उमड़े लोग,डोनेशन से होगी ब्रेस्ट कैंसर पीड़ितों की मदद,
यूपी के प्रयागराज में सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों को समर्पित संस्था कनकधारा द्वारा एक होटल में आयोजित ‘पिंक अक्टूबर चैरिटी डांडिया उत्सव’ बेहद भव्यता और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। ‘पिंक अक्टूबर’ (स्तन कैंसर जागरूकता माह) के तहत आयोजित इस अनूठे डांडिया उत्सव का मुख्य उद्देश्य ब्रेस्ट कैंसर पीड़ितों के प्रति जागरूकता फैलाना और उनके इलाज के लिए फंड जुटाना था। कार्यक्रम से एकत्रित हुई समस्त आय और दान राशि सीधे तौर पर कैंसर मरीजों की सहायता के लिए समर्पित की गई।
प्रसिद्ध समाज सेविका गायिका और कार्यक्रम की मुख्य आयोजक स्वाति निरखी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में निधि श्रीवास्तव की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने कार्यक्रम के कुशल संयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंच संचालन में तान्या निरखी ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सभी को बांधे रखा । साथ ही पूर्णिमा सिंह, दीपमाला पांडे, नेहा सिंह, वर्षा सिंह आदि सभी सहयोगियों ने पूरी तत्परता से आयोजन व्यवस्था संभाली।
कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों और महिलाओं ने भारी संख्या में गुलाबी और पारंपरिक परिधानों में हिस्सा लिया। डांडिया की पारंपरिक थाप पर थिरकते कदमों ने न सिर्फ त्योहार की खुशियां बिखेरीं, बल्कि ‘डांस फॉर अ कॉज’ (Dance for a Cause) के संकल्प को भी पूरा किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ और देखते ही देखते उत्सव का रंग गहरा हो गया । कार्यक्रम में प्रत्येक व्यक्ति को पुरस्कार बांटा गया
कार्यक्रम के सफल समापन पर आयोजक स्वाति निरखी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “अक्टूबर का महीना ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस को समर्पित है। कनकधारा का यह प्रयास केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि कैंसर से जंग लड़ रही हमारी जांबाज बहनों को यह अहसास कराना था कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। मेरी पूरी टीम और शहरवासियों ने इस चैरिटी इवेंट में हिस्सा लेकर जिस संवेदनशीलता का परिचय दिया है, वह सराहनीय है।”








