दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने महिला दुकानदार के गले से छीना मंगलसूत्र,बदमाशो के साथ हुई हाथापाई,महिला की हिम्मत के चलते बदमाश भागे

कौशाम्बी: दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने महिला दुकानदार के गले से छीना मंगलसूत्र,बदमाशो के साथ हुई हाथापाई,महिला की हिम्मत के चलते बदमाश भागे,

यूपी के कौशाम्बी जिले में शनिवार की शाम को दिनदहाड़े एक महिला दुकानदार से मंगलसूत्र लूटने का प्रयास किया गया। महिला की सूझबूझ और हिम्मत के चलते बदमाश अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके और मंगलसूत्र फेंककर मौके से फरार हो गए।

घटना कोखराज थाना क्षेत्र के पल्टीपुर गांव के पास की है जहा एक महिला खुशबू देवी पत्नी अनिल कुमार चाय-नाश्ते की दुकान चलाती हैं। शनिवार की शाम दो युवक बाइक से उनकी दुकान पर पहुंचे और अंडा बनाकर देने को कहा। महिला ने अंडा तैयार कर जैसे ही युवकों को देने का प्रयास किया, तभी पीछे बैठे एक युवक ने उनके गले में पहने मंगलसूत्र पर झपट्टा मारकर उसे छीन लिया।

मंगलसूत्र छीनने के बाद दोनों युवक बाइक से भागने लगे। इसी दौरान खुशबू देवी ने फुर्ती दिखाते हुए बाइक के पीछे बैठे युवक की शर्ट पकड़कर खींच लिया, जिससे वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद महिला और युवक के बीच हाथापाई होने लगी। मामला बिगड़ता देख बदमाश महिला का मंगलसूत्र वहीं फेंककर बाइक से फरार हो गए।

पीड़िता ने बताया कि बदमाश जिस बाइक से आए थे, उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने महिला के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी के चलते लूट की बड़ी वारदात टल गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor