कौशाम्बी: कौशाम्बी में वाहन चालान निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन,680 वादों का हुआ निस्तारण,पेमेंट सेतु ऐप से जमा कराए गए 4.5 लाख,
यूपी के कौशाम्बी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर में मोटर वाहन अधिनियम (M.V. Act) से संबंधित वादों के निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया।
विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लंबित वादों, ई-चालान तथा यातायात संबंधी लघु प्रकृति के वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। इस दौरान वादकारियों को त्वरित न्याय प्राप्त हुआ तथा जुर्माने की धनराशि में भी नियमानुसार छूट प्रदान की गई।
इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से कुल 680 वादों का निस्तारण करते हुए पेमेंट सेतु ऐप के माध्यम से 4,50,550 रुपये की धनराशि शमन शुल्क के रूप में जमा कराई गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव प्रिया सिंह ने विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित पक्षों के प्रति आभार व्यक्त किया।








