राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर ABVP का मेगा अभियान, 30 स्थानों पर 46 कार्यक्रम होंगे आयोजित

कौशाम्बी: राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर ABVP का मेगा अभियान, 30 स्थानों पर 46 कार्यक्रम होंगे आयोजित,

यूपी के कौशाम्बी जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) अपने 78वें स्थापना दिवस को इस बार बड़े स्तर पर मनाने जा रहा है। 6 से 12 जुलाई तक जिले के 30 स्थानों पर कुल 46 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें करीब 5 हजार विद्यार्थियों की भागीदारी होगी। इस दौरान छात्र हित, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े अभियान चलाए जाएंगे। विद्यार्थी परिषद ने देश में बढ़ रहे छात्र आत्महत्या के मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि अब कॉलेजों में करियर काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला संयोजक सुशील सोनकर ने बताया कि 9 जुलाई को ABVP अपना 78वां स्थापना दिवस राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाता है। इसी क्रम में पूरे सप्ताह जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्र राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, समाज और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।

प्रांत सह मंत्री शिव बाबू चौधरी ने कहा कि जिले में विद्यार्थियों की आत्महत्या की बढ़ती घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। परीक्षा, करियर और मानसिक दबाव के कारण छात्र गलत कदम उठा रहे हैं। इसे रोकने के लिए अभाविप कॉलेजों में करियर काउंसलिंग, ‘आनंदमय एवं सार्थक छात्र जीवन’ विषय पर संगोष्ठियां तथा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने वाले कार्यक्रम आयोजित करेगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, छात्र संदेश यात्रा, साइकिल यात्रा, दीपोत्सव, रंगोली, पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता, “स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम” विषय पर संगोष्ठियां, खेलकूद प्रतियोगिताएं, जिला चिकित्सालय मंझनपुर में रक्तदान शिविर तथा पश्चिम शरीरा में 500 विद्यार्थियों का विशाल छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

शिव बाबू चौधरी ने बताया कि जिले में संगठन के 16 नगर हैं, जिनमें से 9 नगर इकाइयों का गठन हो चुका है। वर्ष 2025-26 में जिले के 15,145 विद्यार्थियों ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की थी। इस वर्ष सदस्यता अभियान के तहत 27,556 विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर सह मंत्री पूजा निर्मल ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से सितंबर माह में ‘मिशन साहसी’ के तहत विभिन्न कॉलेजों में सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में नगर मंत्री अभिराज सिंह,दीपक राजपूत सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor