कौशाम्बी: अयोध्या में लेखपाल पर कार्रवाई का कौशाम्बी में विरोध,यूपी लेखपाल संघ ने सीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अयोध्या के सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग उठाई है।
लेखपाल संघ का आरोप है कि भ्रष्टाचार निवारण संगठन (ACO)/एंटी करप्शन टीम द्वारा शिकायतों पर कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की भूमिका और संबंधित कार्यक्षेत्र में लेखपाल के अधिकारों की पर्याप्त जांच नहीं की जा रही है। संघ ने कहा कि इससे ईमानदारी से काम करने वाले लेखपालों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
पत्र में अयोध्या के सोहावल प्रकरण में पुलिस विभाग से स्वतंत्र जांच कराने, CCTV फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई है। संघ ने यह भी मांग रखी कि ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता की अनिवार्य जांच हो और महज मौखिक आरोपों के आधार पर कार्रवाई न की जाए।
मंझनपुर में धरने पर बैठे लेखपाल संघ ने पत्र में दावा किया है कि इस मामले के विरोध में प्रदेश के सभी 75 जनपदों और 351 तहसीलों में लेखपालों ने एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन किया। संघ ने कहा कि लेखपाल राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और कठिन परिस्थितियों में भी शासन एवं जनता के बीच जिम्मेदारी निभाते हैं।
संघ ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन और विजिलेंस विभाग की ट्रैप कार्रवाई के लिए स्पष्ट Standard Operating Procedure (SOP) जारी करने की भी मांग की है, ताकि जांच और कार्रवाई पारदर्शी तरीके से हो तथा किसी निर्दोष कर्मचारी को गलत कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री से अयोध्या (सोहावल) प्रकरण में निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई और निर्दोष लेखपाल को न्याय दिलाने की मांग की है।








