बर्थडे की दावत में पुरानी रंजिश में पट्टीदारों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे; 8 घायल,एक प्रयागराज रेफर

कौशाम्बी: बर्थडे की दावत में पुरानी रंजिश में पट्टीदारों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे; 8 घायल,एक प्रयागराज रेफर,

यूपी के कौशाम्बी जिले में पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के कोरीपुर गांव में शनिवार को बर्थडे की दावत के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पट्टीदारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कुल आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मंझनपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर एक घायल को प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि कोरीपुर गांव निवासी सोनेलाल के घर में बर्थडे के मौके पर दावत चल रही थी। इसी दौरान उनके पट्टीदार राजन पुत्र रामरूप उर्फ पुतानी अपने घर के पास बैठे थे। दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश बताई जा रही है। आरोप है कि सोनेलाल घर के बाहर कुछ लोगों से बातचीत करते हुए हंस रहे थे। राजन को लगा कि उनकी ओर देखकर हंसा जा रहा है। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष से सोनेलाल, अजय और उर्मिला पत्नी सोनेलाल घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से राजन, रामरूप उर्फ पुतानी, निशा देवी, कलावती और सुंदर घायल बताए जा रहे हैं।

घायल कलावती ने आरोप लगाया कि पिछले चार दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। उनके मुताबिक शुक्रवार को भी दूसरे पक्ष के लोगों ने शराब के नशे में नाम लेकर गाली-गलौज की थी। शनिवार को वह अपनी मां को देखने के लिए पति के साथ जिला अस्पताल जाने की तैयारी कर रही थीं, तभी गाली-गलौज शुरू हुई और विरोध करने पर मारपीट कर दी गई।

पश्चिम शरीरा पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में राजन को प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल रेफर किया गया है। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor