कौशाम्बी: भरवारी में ऐतिहासिक श्रीराम लीला के 101वें वर्ष का मुकुट पूजन के साथ किया गया भव्य शुभारंभ,
यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद भरवारी के पुरानी बाजार मोहल्ले में बुधवार को ऐतिहासिक श्रीराम लीला के 101वें वर्ष का मुकुट पूजन के साथ भव्य शुभारंभ किया गया।
मुकुट पूजा श्रीराम लीला कमेटी पुरानी बाजार के अध्यक्ष संतोष केसरवानी, मेला संयोजक नीरज बनारसी व महामंत्री अमित वर्मा सहित कमेटी के सैकड़ों लोगों ने विधि-विधान से मुकुट का पूजन किया। इस दौरान पूरा कस्बा जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।मुकुट पूजन के बाद प्रथम दिन कलाकारों ने देर रात्रि तक नारद मोह लीला का मंचन किया,जो देर रात तक चला।
भरवारी कस्बे में रामलीला की शुरुआत वर्ष 1925 में हुई थी। उस समय पुरानी बाजार रामलीला की नींव सर्वप्रथम भरवारी नगर के सेठ बसंत लाल अग्रवाल व भोलानाथ अग्रवाल द्वारा रखी गई थी। तब से कस्बे में रामलीला का मंचन अनवरत रूप से होता चला आ रहा है। इस वर्ष 101वीं रामलीला का मंचन मुकुट पूजन के साथ शुरू किया गया है।
कमेटी के अध्यक्ष संतोष केसरवानी ने बताया कि इस वर्ष दशहरा मेला 4 और 5 नवंबर को आयोजित होगा,जिसमे भव्य राम बारात निकाली जाएगी और राम रावण का युद्ध,ऐतिहासिक महिला मीना मेला,दंगल और राम भरत का मिलाप का कार्यक्रम होगा।जिसमे आस पास के क्षेत्र के हजारों लोग शामिल होते है।
मुकुट पूजन के दौरान श्रीराम लीला कमेटी के संरक्षक व पूर्व चेयरमैन गंगा प्रसाद काले, गोपाल सर्राफ, नीरज केसरवानी, प्रवेश केसरवानी, जगदीश शिवहरे, जगदीश वैश्य, एडवोकेट राम प्रकाश मिश्रा, महामंडलेश्वर मुस्कान किन्नर सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







