पानी भरकर लौट रही 8 साल की मासूम को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, मौके पर मौत, परिजनों में कोहराम, आरोपी कार सवार फरार

कौशाम्बी: पानी भरकर लौट रही 8 साल की मासूम को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, मौके पर मौत, परिजनों में कोहराम, आरोपी कार सवार फरार,

यूपी के कौशाम्बी जिले में संदीपन घाट थाना क्षेत्र के धन्नी गांव के सामने जीटी रोड पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। पानी भरकर लौट रही मासूम को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार कार सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे धन्नी गांव निवासी फूलचंद की 8 वर्षीय पुत्री सुमित्रा घर के बगल में लगे सार्वजनिक नल से पानी भरकर जीटी रोड किनारे पैदल आ रही थी। तभी कानपुर से प्रयागराज की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन घायल बच्ची को आनन-फानन में मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि फूलचंद की 7 पुत्रियों में सुमित्रा चौथे नंबर की थी। मासूम की सड़क हादसे में मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माँ-बाप का रो-रो कर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पर संदीपन घाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार कार सवार की तलाश में जीटी रोड पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor