भव्य के आतिशी शतक से यूपीसीए बनी चैंपियन,फाइनल में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन को 93 रन से हराया, भव्य बने मैन ऑफ द फाइनल व बेस्ट बैटर

कौशाम्बी: भव्य के आतिशी शतक से यूपीसीए बनी चैंपियन,फाइनल में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन को 93 रन से हराया, भव्य बने मैन ऑफ द फाइनल व बेस्ट बैटर,

यूपी के कौशाम्बी जिले में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने रिजवी कप के लिए आयोजित 16वीं आबिश एवं शाकिब रिजवी स्मारक ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

बुधवार को करारी स्थित रिजवी कॉलेज मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में यूपीसीए ने मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन को 93 रन से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यूपीसीए की जीत के नायक भव्य गोयल रहे, जिन्होंने 120 गेंदों पर 14 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 171 रन की आतिशी शतकीय पारी खेली। वहीं, मेरठ की ओर से संदीप तोमर ने भी 75 गेंदों पर सात चौकों और आठ छक्कों के सहारे 114 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपीसीए की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में पांच विकेट पर 352 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भव्य गोयल ने 171 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि आदर्श सिंह ने 80 और अजीत वर्मा ने 65 रन का योगदान दिया। मेरठ की ओर से संदीप तोमर, शुभ मिश्रा, अजय कुमार और प्रशांत चौधरी ने एक-एक विकेट हासिल किया।

जवाब में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम 34.5 ओवर में 259 रन बनाकर सिमट गई। संदीप तोमर ने 114 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि अधीरज ने 36 और दिव्यांश राजपूत ने 21 रन बनाए। यूपीसीए की ओर से नमन तिवारी ने तीन विकेट झटके। हार्दिक चौधरी और देवांश चतुर्वेदी को दो-दो विकेट मिले, जबकि शौर्य सिंह, दक्ष चंदेल और अजीत वर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

मैच में शिशिर मेहरोत्रा और आले हसन ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि प्रितेश सोनकर ने स्कोरिंग की।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की क्रिकेट डेवलपमेंट कमेटी के चेयरमैन अरविंद श्रीवास्तव ने विजेता यूपीसीए टीम को ट्रॉफी के साथ दो लाख रुपये नकद तथा उपविजेता मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन को ट्रॉफी के साथ एक लाख 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द फाइनल एवं बेस्ट बैटर का पुरस्कार भव्य गोयल, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार कार्तिक यादव तथा मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार अजीत वर्मा को दिया गया।

इससे पूर्व आयोजन सचिव शैलेन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि अरविंद श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथियों यूपीसीए एपेक्स काउंसिल के सदस्य डॉ. मनीष सिंह, रिजवी कॉलेज के सचिव राशिद रिजवी, आजमगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जे.पी. सिंह, गोरखपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अजीज खान, वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जमाल अख्तर, उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पी.के. मिश्रा, सैफुद्दीन, सिद्धार्थ सिंह, यूपीसीए मीडिया कन्वीनर ए.ए. खान (तालिब), वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन के पी.पी. आनंद मिश्रा, यूपीसीए के कोच कपिल पाण्डेय एवं मो. अमीर तथा फिजियोथेरेपिस्ट मोईन शाह का बुके और स्मृतिचिह्न देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम के अंत में आलोक श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन समारोह का संचालन कमेंटेटर कमलेश पटेल ने किया।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor