कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज में प्रसव के दौरान महिला की मौत,नवजात बच्चा सुरक्षित,परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही और एक घंटे तक गुमराह करने का भी आरोप,
यूपी के कौशाम्बी जिले में मेडिकल कॉलेज में बुधवार की रात प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात बच्चा सुरक्षित है। महिला की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, करारी थाना क्षेत्र के अमीनपुर समरो गांव निवासी ओमप्रकाश पाल की पत्नी नीतू पाल गर्भवती थीं। पति ओमप्रकाश के अनुसार, वह पिछले तीन दिनों से पत्नी को मेडिकल कॉलेज में दिखा रहे थे। बुधवार रात करीब नौ बजे अचानक प्रसव पीड़ा होने पर वह पत्नी को लेकर जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां रात करीब 10 बजे प्रसव के दौरान ऑपरेशन किया गया। इस दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात सुरक्षित है।
मृतका के पति ओमप्रकाश का आरोप है कि करीब एक घंटे तक डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारी परिवार के लोगों को गुमराह करते रहे। कभी मरीज को निजी अस्पताल में शिफ्ट करने तो कभी रेफर करने की बात कही गई। इसके बाद आईसीयू में ले जाने की बात बताई गई। कुछ देर बाद परिवार के लोगों को एकत्र कर पत्नी की मौत की जानकारी दी गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल महिला की मौत को लेकर परिजनों में आक्रोश है।








