कौशाम्बी: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, कई मीटर तक घसीटती गई बाइक, युवक की हुई मौत,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र में बुधवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे के दौरान बाइक ट्रक में फंस गई और लगभग 200 मीटर तक घिसटती चली गई। कुछ लोगों ने ट्रक चालक को इसकी जानकारी दी तो उसने वाहन रोका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार को देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव स्थित नंद विहार कॉलोनी निवासी दिलीप (पुत्र सोहन सिंह) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, दिलीप ठेकेदारी का काम करता था। बुधवार की रात वह बाइक से मजदूरों को लेने जा रहा था। इसी दौरान महेवाघाट पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








