कौशाम्बी: पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने रुकवाया बाल विवाह,नाबालिग किशोरी को भेजा गया वन स्टॉप सेंटर,
यूपी के कौशाम्बी जिले में एसपी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देशन में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने एक नाबालिग किशोरी का बाल विवाह रुकवाकर मानवता की मिसाल पेश की है।
23 नवंबर को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना चरवा क्षेत्र की निवासी एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का विवाह 26 नवंबर को जनपद प्रयागराज के ग्राम भोपालपुर तारापुर, पोस्ट करछना में प्रस्तावित है।
सूचना मिलते ही थाना एएचटीयू जनपद कौशाम्बी पुलिस टीम एवं चाइल्ड हेल्पलाइन एवं बाल संरक्षण विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रस्तावित बाल विवाह को रुकवाया। टीम ने संबंधित पक्षों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के संबंध में अवगत कराया और उन्हें समझाया कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध है।नाबालिग किशोरी को संरक्षण एवं आवश्यक देखभाल हेतु वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।
कौशाम्बी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध एवं सामाजिक कुरीति है। इसकी रोकथाम में सहयोग करें तथा बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें।








