कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज में एंटीमाइक्रोबियल ड्रग रेजिस्टेंस पर सेमिनार आयोजित,एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग एवं सुपरबग्स की रोकथाम पर दिया गया जोर,
यूपी के कौशाम्बी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के सूक्ष्मजीव विज्ञान एवं औषधि विज्ञान विभाग द्वारा बुधवार को एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एंटीमाइक्रोबियल ड्रग रेजिस्टेंस पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से उत्पन्न दवा प्रतिरोध के खतरे के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। उन्होंने एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग, प्रभावी सरकारी नीतियों, संक्रमण नियंत्रण एवं एंटीबायोटिक उपयोग नियंत्रण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने इस समस्या की रोकथाम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक से संक्रमण की शीघ्र पहचान, दवा प्रतिरोध की निगरानी एवं उचित उपचार के चयन में मदद मिल सकती है।
सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के सह-आचार्य डॉ. अरिंदम चक्रवर्ती ने सुपरबग्स एवं वन हेल्थ विषय पर व्याख्यान देते हुए मानव, पशु एवं पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक साथ ध्यान में रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने जीवाणु संवर्धन एवं औषधि संवेदनशीलता परीक्षण की उपयोगिता भी समझाई।
औषधि विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अतिक सिंह ने एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की रोकथाम की रणनीतियों एवं एंटीबायोटिक उपयोग नियंत्रण कार्यक्रम पर व्याख्यान दिया। उन्होंने उचित औषधि निर्धारण, सही मात्रा एवं निर्धारित अवधि तक दवाओं के सेवन पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित चिकित्सा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, बिना चिकित्सकीय परामर्श के इनका सेवन न करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक डॉ. शारदा सिंह, उप प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ कृष्ण मिश्रा, आचार्य डॉ. सरस्वती जायसवाल यादव, डॉ. रविरंजन सिंह, डॉ. राकेश कुमार शुक्ला, डॉ. विकास कुमार, डॉ. आत्मिक सिंह, डॉ. धर्मेंद्र मिश्रा, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. शिवम बिश्नोई, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. नंदिनी राघव, अन्य संकाय सदस्य, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ आवासीय चिकित्सक, प्रशिक्षु चिकित्सक तथा एमबीबीएस प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








