कौशाम्बी में 105 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को प्रदान किए गए नियुक्ति-पत्र,उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं खेल प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

कौशाम्बी: कौशाम्बी में 105 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को प्रदान किए गए नियुक्ति-पत्र,उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं खेल प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित,

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं, मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं को सम्मानित किया।साथ ही नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए।

कौशाम्बी जिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उदयन सभागार एवं सभी तहसील के सभागार में भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को लाइव देखा एवं सुना।

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹08 हजार से बढ़ाकर ₹12 हजार तथा सहायिकाओं का मानदेय ₹04 हजार से बढ़ाकर ₹06 हजार करने की घोषणा की है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, एक अतिरिक्त साड़ी तथा स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री जी की इन घोषणाओं से जनपद में कार्यरत 1,634 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं 1,659 आंगनबाड़ी सहायिकाएं लाभान्वित होंगी।

उदयन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर एवं विधायक चायल पूजा पाल द्वारा जनपद में नवनियुक्त 105 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति-पत्र प्राप्त करने वाली सहायिकाओं में नई जिम्मेदारी मिलने को लेकर उत्साह एवं प्रसन्नता दिखाई दी।

कार्यक्रम में गंभीर कुपोषित बच्चों को स्वस्थ करने में उत्कृष्ट प्रबंधन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों अनीता वर्मा, अनारकली, पुष्पा राय, सुनीता देवी, आशा देवी, सावित्री देवी, कमला देवी, विनीता, कीर्ति, संगीता, जानकी देवी, निशा सिंह, रोशनी मिश्रा, पूजा देवी एवं चंदा बानो को प्रशस्ति- पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं अंजली देवी, रेशमा देवी, मधु कुशवाहा, खुशबू देवी, सुषमा देवी एवं कोमल मौर्य को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभावान बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर ने सभी नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं तक सरकार की पोषण एवं बाल विकास संबंधी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल के साथ-साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण केन्द्र हैं।

विधायक चायल पूजा पाल ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा मानदेय में वृद्धि के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य सुविधाओं की घोषणा सराहनीय कदम है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है और महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार संकल्पित है।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया गया तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। उपस्थित गर्भवती महिलाओं एवं अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय से टीकाकरण तथा शासन द्वारा संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में डीएम डॉ. अमित पाल, सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी नीरज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor