प्रयागराज: प्रयागराज में भव्यता के साथ निकला सिविल लाइंस का रामदल,हाथी पर सवार श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की मनमोहक छवि ने मोहा मन, पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत,
यूपी के संगम नगरी प्रयागराज में शारदीय नवरात्र की महाषष्ठी पर शुक्रवार की रात सिविल लाइंस क्षेत्र में भव्य रामदल निकाला गया। आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और मनमोहक झांकियों से सजा रामदल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। हाथी पर सवार भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर प्रभु का स्वागत किया, वहीं भगवान की ओर से भी भक्तों को पुष्प भेंट किए गए। देर रात तक सिविल लाइंस की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।
रामदल हाईकोर्ट से पत्थर गिरजाघर और सुभाष चौराहे होते हुए निकला। भगवान श्रीराम के साथ निकली लगभग 20 आकर्षक झांकियों में श्रीराधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। रामदल की अगुवाई भगवान श्रीगणेश और हनुमान जी ने की। झांकियों की भव्यता और धार्मिक वातावरण ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामदल रवाना होने से पहले हाईकोर्ट के समीप स्थित न्यायविद हनुमान मंदिर में 108 दीपों से दिव्य आरती की गई। शंखनाद और विशाल ध्वज के साथ हुए इस धार्मिक आयोजन ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद विधिवत रामदल यात्रा शुरू हुई। पूरे मार्ग पर श्रद्धालु भगवान के दर्शन और स्वागत के लिए उत्साहित नजर आए।
न्याय मार्ग क्षेत्र सिविल लाइंस और सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल की ओर से प्रभु श्रीराम के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई थीं। क्लाइव रोड से हाईकोर्ट तक का पूरा क्षेत्र आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। जगह-जगह साज-सज्जा और स्वागत की व्यवस्थाओं ने रामदल की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर तुलसियानी प्लाजा के सामने बने भव्य मंच पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। दिल्ली से आमंत्रित कलाकार कीर्ति उपाध्याय और संगम नगरी के रॉक बैंड के साथ भजन क्लबिंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। गायिका एवं महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष स्वाती निरखी के नेतृत्व में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या को लोगों ने खूब सराहा।
सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष नीरज जायसवाल ने मंच पर उपस्थित अतिथियों और नागरिकों का स्वागत किया। वहीं क्षेत्रीय पार्षद पंकज जायसवाल के प्रयासों से पूरे क्षेत्र को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक सजावट के बीच निकले रामदल ने प्रयागराज में नवरात्र की महाषष्ठी की रौनक को यादगार बना दिया।
इस मौके पर विधायक हर्ष बाजपेयी, महापौर गणेश केसरवानी, अनिल गुप्ता, पवन श्रीवास्तव निधि श्रीवास्तव कौशल्यानंद गिरी माता , शैलेन्द्र मधुर , आभा मधुर , आदि लोग मौजूद रहे।








