कौशाम्बी: भरवारी में लगा निःशुल्क नेत्र शिविर,300 लोगों की हुई आंखों की जांच,74 को बांटे गए निःशुल्क चश्मे,
यूपी के कौशाम्बी जिले के भरवारी कस्बे के बाल गोबिंद सरस्वती विद्याश्रम में रविवार को अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर पंकज गुप्ता के नेतृत्व में डॉक्टर कमल कुमार एवं डॉक्टर उमाकांत की टीम ने सहायक लवकुश कुमार के साथ मरीजों की जांच की एवं निःशुल्क दवाइयां एवं चश्मे का वितरण किया।
शिविर में लगभग 300 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 74 मरीजों को चश्मे की जरूरत पाई गई, जिन्हें मौके पर ही निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
वहीं जांच के दौरान 11 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित मिले। इन सभी मरीजों को एंबुलेंस की सहायता से सदगुरु नेत्र चिकित्सालय, जानकीकुंड चित्रकूट भेजा गया है, जहां उनका ऑपरेशन कर आंखों में लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। इलाज के दो दिन बाद सभी मरीजों को वापस उनके स्थान पर छोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम आयोजक प्रवेश केसरवानी ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है।








