कौशाम्बी: कपड़ा व्यापारी को अवैध असलहे के साथ फोटो भेजकर मांगी 5 लाख की रंगदारी,नहीं देने पर गोली मारने की दी धमकी,FIR दर्ज,
यूपी के कौशाम्बी जिले में एक कपड़ा व्यापारी के मोबाइल पर अनजान नम्बर से असलहे के साथ अपनी फोटो भेजकर 5 लाख की रंगदारी मांगने का सनसनी खेज मामला सामने आया है। असलहे की फोटो के साथ पांच लाख की रंगदारी मांगने वाले ने रूपये न देने पर छाती पर चढ़कर गोली मारने की धमकी भी व्यापारी को दी है। जिसे लेकर व्यापारी व उसके परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब उस अनजान नम्बर वाले युवक की तलाश कर रही है।
मामला कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे का है जहा के रहने वाले प्रज्जवल केसरवानी पुत्र रमेशचन्द्र केसरवानी की रेडीमेड गारमेंट्स की दूकान है। प्रज्जवल के अनुसार दो दिन पहले उसके मोबाइल पर एक अनजान नम्बर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया,जिसमे अवैध असलहे की फोटो भेजकर 5 लाख रूपये की रंगदारी मांगी तथा रूपये एक हफ्ते मे न देने पर छाती पर गोली मारने की धमकी दिया।
व्हाट्सएप पर रंगदारी मांगने का मैसेज देखकर व्यापारी के होश उड़ गये। आनन फानन में व्यापारी ने मामले की शिकायत कोखराज थाना पुलिस से की तो पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूरे मामले में कोखराज थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि व्यापारी के द्वारा दिये गये शिकायती पत्र व व्हाट्सएप पर मिली धमकी को संज्ञान में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर टीम एक्सपर्ट के साथ साथ थाना पुलिस भी इस मामले की जांच में जुटी हुई है।








