कौशाम्बी: कौशाम्बी में धर्मांतरण की सूचना पर विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मजार पर किया हंगामा,पुलिस चार मुस्लिम युवकों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ,
यूपी के कौशाम्बी जिले में कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव में स्थित एक मजार पर गुरुवार को उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब विहिप और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने मजार पर कथित लव जिहाद और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने मजार पर मौजूद चार मुस्लिम युवकों को हिरासत में लेकर कोखराज थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी मिलने पर ASP अमिता सिंह, सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी,सीओ अरुण कुमार शुक्ला तथा राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच में जुटे हुए है।
घटना के बाद बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता कोखराज थाने पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है तथा क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत कराने की भी व्यवस्था कर रही है।
इस संबंध में बजरंग दल के जिला संयोजक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम पिछले छह माह से गुरुवार के दिन मजार पर कथित लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियां होने की सूचना मिलने पर नजर रख रही थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस या प्रशासन की ओर से नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








