कौशाम्बी: नगर पालिका मंझनपुर अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने खिलाड़ियों को वितरित की खेल किट,
यूपी के कौशाम्बी खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल किट (लोअर एवं टी-शर्ट) वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा कहा कि प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा नेता विजय तिवारी, खेलो इंडिया एथलेटिक कोच संदीप सरोज, उधोश्याम सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा।








