कौशाम्बी: राजनीतिक रंजिश के तहत SC/ST में फंसाने की साजिश का आरोप,एसपी से शिकायत कर जान-माल की सुरक्षा की लगाई गुहार,
यूपी के कौशाम्बी।ल जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के भरसवां गांव निवासी ज्ञानेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने विपक्षियों पर राजनीतिक रंजिश के चलते परेशान किए जाने और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए एसपी सत्यनारायण प्रजापत से शिकायत कर न्याय एवं सुरक्षा की गुहार लगाई है।
एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि गांव की राजनीति में सक्रिय होने के कारण कुछ लोग उनसे रंजिश रखते हैं और उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी देते हैं, आरोप है कि 30 सितंबर 2026 को गांव के ही दिलीप सिंह लोधी ने फोन पर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी जिसपर मंझनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से उन्हें परेशान करने के उद्देश्य से एससी/एसटी एक्ट के तहत झूठी शिकायतें दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कुछ लोगों पर साजिश रचने, पीछा करने और उनकी लोकेशन पर नजर रखने की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि इससे वह और उनका परिवार भयभीत है तथा उन्हें गांव छोड़ने के लिए मजबूर किए जाने का डर सता रहा है।
ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी ने संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और रिकॉर्डिंग की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।








