कौशाम्बी: तेज बुखार की बाद अस्पताल में भर्ती महिला की इलाज की लापरवाही से मौत,शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल किया सीज,
यूपी के कौशाम्बी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। तिल्हापुर मोड़ स्थित अरमान अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सीज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार चरवा थाना क्षेत्र के कुंडापुर गांव निवासी सुशीला देवी पत्नी विजेंद्र प्रताप सिंह* को 20 अक्टूबर को तेज बुखार आने पर परिजनों ने अरमान अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिससे 21 अक्टूबर की देर रात महिला की मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. संजय कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तिल्हापुर मोड़ स्थित अरमान अस्पताल पहुंची। टीम ने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान रखरखाव, पंजीकरण और जरूरी अभिलेखों में गंभीर कमियां पाईं।जांच में खामियां मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सीज कर दिया है।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभिलेखों में कमियां पाई गई हैं, इसलिए अस्पताल को सीज किया गया है। जांच रिपोर्ट और अस्पताल संचालक के जवाब के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। महिला की मौत इलाज में लापरवाही से हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।








