घर के बाहर बैठे बुजुर्ग पर महिला ने किया चाकू से हमला, हालत गंभीर

कौशाम्बी,

घर के बाहर बैठे बुजुर्ग पर महिला ने किया चाकू से हमला, हालत गंभीर,

यूपी के कौशाम्बी जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र के अढौली गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक बुजुर्ग पर अचानक चाकू से हमला कर दिया गया।हमले में बुजुर्ग गंभीर घायल हो गया,जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना महेवाघाट थाना क्षेत्र के अढौली गांव की गुरुवार रात करीब 8 बजे की है, जब 74 वर्षीय शिव सिंह पटेल पुत्र स्वर्गीय राम खेलावन अपने घर के बाहर बैठे थे।तभी उन पर एक महिला ने चाकू से हमला कर दिया,इस हमले में बुजुर्ग गंभीर घायल हो गए।

कौशाम्बी सर्किल सीओ जेपी पांडेय ने बताया कि पड़ोसी गांव की एक पहचान की महिला वहां आई और बातचीत के दौरान अचानक शिव सिंह पटेल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग बुरी तरह घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला वहां से फरार हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल शिव सिंह पटेल को आनन-फानन में मंझनपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

सीओ जेपी पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी महिला की तलाश की जा रही है। गांव में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस टीम सक्रिय रूप से छानबीन में जुटी है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor