दिव्यांगजनों को 55 ट्राई साइकिल, 10 व्हील चेयर, 20 बैसाखी एवं 02 स्मार्ट केन किए गए वितरित

कौशाम्बी: दिव्यांगजनों को 55 ट्राई साइकिल, 10 व्हील चेयर, 20 बैसाखी एवं 02 स्मार्ट केन किए गए वितरित,

यूपी के कौशाम्बी जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकास भवन स्थित सरस हॉल में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण वितरण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष, जिला पंचायत कल्पना सोनकर, सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा एवं निवर्तमान विधायक लाल बहादुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाने से दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियां सुगम होने के साथ-साथ उनकी गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।

इस अवसर पर अध्यक्ष, जिला पंचायत कल्पना सोनकर, सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा एवं निवर्तमान विधायक लाल बहादुर द्वारा 55 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, 10 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर, 20 दिव्यांगजनों को बैसाखी तथा 02 दिव्यांगजनों को स्मार्ट केन प्रदान किए गए। सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजनों के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी। लाभार्थियों ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित शादी अनुदान योजना के 03 लाभार्थियों—रामदीन, रामसूरत एवं विजय पाल सिंह को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसी क्रम में ‘ओ लेवल’ निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत चयनित 12 लाभार्थियों—सिद्धार्थ यादव, अतुल कुमार, संदीप कुमार, शालू प्रजापति, संजना, सचित यादव, श्रेजल सोनी, शिवानी नामदेव, छाया देवी, गौरव पाल, आदित्य कुमार एवं अमित कुमार को स्वीकृत प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को तकनीकी ज्ञान एवं रोजगार के लिए आवश्यक कौशल उपलब्ध कराने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण है।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाएं तथा अन्य पात्र लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करें।

इस अवसर पर सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विकास वर्मा एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मुदित श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor